मेष लग्न का फलादेश
मेष लग्न में जन्म लेने वाले व्यक्ति की शारीरिक बनावट
मेष लग्न में जन्म लेने वाले व्यक्ति प्राय: मध्यम कद के होते हैं। ये ना तो दुबले पतले और ना ही मोटे होते हैं। इनका शरीर सुडौल तथा शक्तिशाली होता है। इनका रंग गेहुँआ और थोड़ा लाली लिये होता है। इनकी गर्दन लम्बी होती है तथा चेहरा तिकोना या अंडाकार तथा ललाट चौड़ा होता है। इनकी आँखें अधिक काली नहीं होती है। इनके बाल कड़े होते हैं।
मेष लग्न में जन्म लेने वाले व्यक्ति की मानसिक प्रवृति
मेष को खगोलीय चक्र में भेड़ के प्रतीक चिन्ह द्वारा निरूपित किया जाता है। अत: भेड़ के स्वभाव के अनुरूप ही मेष लग्न में जन्म लेने वाला व्यक्ति उतावले, हर समय जल्दबाजी में, दुस्साहसी, योद्धा प्रवृति के तथा जल्दी ही गुस्सा हो जाने वाले होते हैं।
मेष लग्न वाले व्यक्ति के लग्न या लग्न का स्वामी मंगल पर यदि अशुभ ग्रहों की दृष्टि या युति हो तो ऐसे व्यक्ति काफी लड़ाकू तथा खतरनाक प्रवृति के हो जाते हैं।
और यदि लग्न या लग्न का स्वामी मंगल यदि शुभ ग्रहों से युत या दृष्ट हो, तो यह ऐसे व्यक्ति को साहसी तथा आत्मविश्वासी होते हैं। ये काफी विश्वासपात्र होते हैं, तथा ऐसे व्यक्ति की सलाह पर लोग विश्वास के साथ कार्य कर सकते हैं।
मेष लग्न वाले व्यक्ति हमेशा बड़ा लक्ष्य रखते हैं, तथा बड़े उद्यमी होते हैं।
मेष लग्न में जन्म लेने वाले व्यक्ति के सामान्य गुण
मेष लग्न में जन्म लेने वाले व्यक्ति हमेशा अपने आपको किसी भी टीम या संस्था के प्रमुख (हेड) के रूप में देखना पसंद करते हैं।
वे दूसरों के सलाह पर विश्वास नहीं करके केवल अपने आप पर विश्वास करते हैं। यदि लग्न शुभ ग्रहों से युत या दृष्ट हो, तो वे दूसरों को सलाह देने, मार्गदर्शन देने, संस्था या टीम को नियंत्रित तथा संचालन करने के लिये सक्षम होते हैं। ये यदि किसी के अधीन अर्थात नीचे भी कार्य कर रहे होते हैं, तो भी हमेशा उस टीम या ग्रूप का नेतृत्व क्षमता रखते हैं, तथा कार्य कुशलता के कारण नेतृत्व की तरह स्वीकार किये जाते हैं।
मेष लग्न वाले व्यक्ति के पास नेतृत्व की क्षमता के साथ साथ एक दृढ़ एवं अविचलित संकल्प होता है। ये सफल होने के लिए अपने लक्ष्य तथा कार्य शैली को बदलने में परहेज नहीं करते। ये बिना धैर्य के अपने लक्ष्य जल्द से जल्द पाने की कोशिश करते रहते हैं।
ये आपात काल में जल्द, व्यवस्थित तथा सही कार्य करने में सक्षम होते हैं।
ये दूसरों के हित के कारण अपनी इच्छा को कभी छोड़ना पसंद नहीं करते हैं। ये हमेशा अपने विचार पर अडिग रहते हैं। ये अपने लक्ष्य से हमेशा आगे रहना पसंद करते हैं तथा कार्य के सम्पादन में भी अव्वल रहते हैं।
यदि ये व्यापार करते हैं तो उसमें भी अपने लक्ष्य से हमेशा आगे रहते हैं।
ये पीछे मुड़कर देखना कभी पसंद नहीं करते हैं।
ये दूसरों को हमेशा कम आँकते हैं। ये अति भाग्यवादी होते हैं। इनके मस्तिष्क में हमेशा नये नये विचार तथा योजनाएँ बनाते हैं तथा उसपर क्रियांवयन भी करते हैं, परंतु कई बार धैर्य नहीं रखने के कारण उसमें सफलता नहीं मिल पाती है। ये एक कार्य को पूर्ण किये बिना ही दूसरा कार्य हाथ में ले लेना चाहते हैं या ले लेते हैं जिसके कारण भी सफलता मिलने में समस्या तथा बाधाएँ आती हैं। अत: इन्हें धीरज के साथ कार्य करने की जरूरत है।
यदि लग्न या लग्न का स्वामी अशुभ ग्रहों से युत या दृष्ट हो तो इनका उत्साह अंधाधुंधता या पागलपन में बदल जाता है तथा साहस दुस्साहस में बदल जाता है। ऐसी स्थिति में सफलता नहीं मिलने पर ये इतने क्रोधित हो सकते हैं कि अपना तथा समाज का काफी नुकसान कर सकते हैं। इन्हें हर बात पर क्रोध आ जाता है। अशुभ ग्रहों का लग्न पर प्रभाव इन्हें आक्रामक, हठी, दुस्साहसी, घमंडी, द्रुराग्रही तथा अति अहंवादी बना देता है, जो स्वयं, परिवार तथा समाज के अन्य लोगों के लिए खतरनाक स्थिति हो सकती है।
यदि ऐसा हो रहा हो, या ऐसा है, तो अच्छे ज्योतिष से सलाह कर ग्रहों के अशुभ प्रभाव की शांति आवश्यक है।
मेष लग्न वाले जातक वैसे खेल जिसमें कम समय लगता है, में निपुण हो सकते हैं। लम्बे समय तक चलने वाला खेल इनके लिए अच्छा नहीं माना जाता है क्योंकि इनमें धैर्य की थोड़ी कमी होती है।
मेष लग्न में जन्म लेने वाले व्यक्ति का स्वास्थ्य
मेष लग्न में जन्म लेने वाले व्यक्ति का स्वास्थ प्राय: अच्छा रहता है। वे जल्दी बीमार नहीं होते हैं। इनकी बीमारियों से लड़ने की प्रतिरोधक क्षमता काफी अच्छी होती है। लेकिन इन्हें छोटी-मोटी बीमारियाँ होती रहती हैं जो कि तुरत ही ठीक हो जाया करती है।
लेकिन ये दुर्घटना के शिकार हो सकते हैं, अत: वाहन आदि चलाते समय, सड़क आदि पर चलते समय, नुकीली वस्तुओं के उपयोग करते समय इन्हें काफी सावधान रहने की आवश्यकता है।
इन्हें पेट तथा सिर से संबंधित बीमारियों से खतरा रहेगा। अत: सिर तथा पेट से संबंधित किसी प्रकार की बीमारी में तुरत सावधानी पूर्वक गंभीरता से ध्यान देना चहिए। इन्हें नींद नहीं आने की समस्या भी परेशान कर सकती है।
मेष लग्न में जन्म लेने वाले जातक को गंभीर बीमारियों से बचने के लिए पर्याप्त नींद तथा आराम करना चाहिए। बीमार पड़ने की स्थिति में वे अपना धैर्य खोने लगते हैं, अत: इस तरह के किसी भी विपरीत परिस्थिति में उन्हें धैर्य से काम लेना चाहिए। उन्हें हमेशा माँस मदिरा से बचना चाहिए। गर्म खाना-पीना उनके बीमारी का कारण हो सकता है।
मेष लग्न में जन्म लेने वाले जातक का भाग्य एवं धन दौलत
मेष लग्न में जन्म लेने वाले जातक हमेशा काफी धन-दौलत कमाना चाहते हैं, लेकिन जल्दबाजी तथा धैर्य नहीं रखने के कारण उन्हें इसमें सफलता मिलने में काफी कठिनाई होती है। वे हमेशा आज अर्थात वर्तमान में जीना पसंद करते हैं। वे भविष्य के बारे में कम सोचते हैं।
यदि वे धैर्य के साथ कार्य करें तो जीवन में अत्यधिक सफल एवं धनवान व्यक्ति बन सकते हैं। धन एवं सफलता के लिए मेष लग्न वाले जातक को विष्णु भगवान एवं शनि देव की पूजा-अर्चना करना चाहिए।
मेष लग्न में जन्म लेने वाले जातक का प्रेम-प्रकरण एवं विवाह
मेष लग्न वाले जातक अन्य कार्यों की तरह ही प्रेम में भी काफी उत्साह, खुले विचार वाले, तथा खुलकर प्रेम प्रकट करने वाले होते हैं। इनका अच्छा स्वभाव एवं चरित्र अनायास ही दूसरों को अपनी ओर आकर्षित कर लेते हैं। ये प्रेम में स्वतंत्रता चाहने वाले होते हैं तथा इनका प्रेम चिर स्थायी होता है। परंतु यदि ये अपने दूसरों पर हावी हो जाने वाले स्वभाव को नियंत्रित रखें, तो ये प्रेम में सफल होते हैं, अन्यथा प्रेम संबंध टूट जाने की प्रबल संभावना होती है।
मेष लग्न वाले पुरूष अपनी पत्नी के प्रति काफी वफादार होते हैं। मेष लग्न में जन्म लेने वाली स्त्री भी अपने पति के प्रति काफी वफादार होती हैं, परंतु अपने तथा अपने परिवार के बारे में बढ़ा चढ़ा कर बोलने तथा मेष वाले आचरण के अनुरूप दूसरे पर हावी होने की कोशिश कभी कभी उन्हें परेशानी में डाल सकता है।
मेष लग्न में जन्म लेने वाले जातक के लिए मेष लग्न की ही या तुला लग्न वाले जीवन साथी उत्तम होते हैं।
मेष लग्न में जन्म लेने वाले जातक का पारिवारिक वातावरण
मेष लग्न में जन्म लेने वाले जातक अपने घर तथा परिवार को काफी प्यार तथा देखभाल करने वाले होते हैं। इनके लिए इनका परिवार ही सब कुछ होता है। वे हमेशा अपने परिवार के साथ ही रहना पसंद करते हैं। ये अतिथि का स्वागत बहुत ही अच्छे ढ़ंग से करते हैं। ये अपने परिवार तथा रिश्तेदारों से घिरे रहना पसंद करते हैं।
मेष लग्न में जन्म लेने वाले व्यक्ति का व्यवसाय एवं पेशा
मेष लग्न में जन्म लेने वाले जातक का व्यवसाय या नौकरी उनकी जन्म पत्रिका में मंगल की स्थिति पर निर्भर करता है। ऐसे व्यक्ति के लिए प्राय: पुलिस, सेना, गोले-बारूद, हथियार, सोने-चाँदी की दुकानो, ईंट भट्ठे, फर्निचर, दवा, केमिकल फैक्ट्री, होटल, आदि से संबंधित नौकरी या व्यवसाय करना अनुकूल रहता है।
मेष लग्न में जन्म लेने वाले जातक का शुभ दिन एवं शुभ अंक
मेष लग्न में जन्म लेने वाले जातक के लिए मंगलवार, शुक्रवार, तथा शनिवार अत्यधिक शुभ होते हैं।
सोमवार तथा रविवार भी अच्छे होते हैं।
अशुभ दिन: बुधवार तथा गुरूवार
मेष लग्न में जन्म लेने वाले जातक के लिए 6, 8, एवं 9 शुभ अंक हैं।
मेष लग्न में जन्म लेने वाले जातक के लिए ब्लू (नीला) रंग शुभ होता है।
मेष लग्न में जन्म लेने वाले जातक के लिए ब्लू रंग के रत्न लाभकारी होते हैं।