10upon10

मिथुन लग्न का फलादेश

मिथुन लग्न में जन्म लेने वाले बुद्धिमान होते हैं। मिथुन का स्वामी बुध है, और बुध को बुद्धि का कारक माना जाता है। बुध को कुमार अर्थात राजकुमार ग्रह की संज्ञा दी गयी है। अत: मिथुन लग्न में जन्म लेने वाला जातक राजकुमारों की तरह जीवन व्यतीत करते हैं। मिथुन लग्न को तीक्ष्ण बुद्धि, अनुकूलन क्षमता, तथा सफलता का चिन्ह कहा जाता है।

मिथुन लग्न वाले की शारीरिक बनावट

मिथुन लग्न में जन्म लेने वाले प्राय: दुबले पतले होते हैं। इनके हाथ और पाँव लम्बे होते हैं। प्राय: इनके हाथों और पैरों की नसें उपर से ही दिखती हैं। ये गोले, गेहुँआ, साँवले किसी भी रंग के हो सकते हैं। प्राय: ये गेहुँआ या साँवले रंग के होते हैं। हालाँकि इनके शरीर का रंग लग्न के स्वामी बुध की स्थिति पर निर्भर करती है। इनकी आँखें काफी तीक्ष्ण तथा चंचल होती हैं। नाक प्राय: लम्बी होती है।

मिथुन लग्न का सामान्य गुण

चूँकि मिथुन का तत्व वायु है, अत: मिथुन लग्न में जन्म लेने वाले अधिकांशत: अपने ख्यालों में ही जीनेवाले होते हैं। ये हमेशा प्रसन्न रहने वाले तथा हँसमुख होते हैं। ये जिंदादिल तथा बेफिक्री में जीवन जीने वाले होते हैं। कई बार इनकी बेफिक्री इनके लिए परेशानी का कारण बन जाता है।

मिथुन लग्न वाले बहुमुखी प्रतिभा के धनी होते हैं। इनकी सोच हमेशा सकारात्मक तथा गहन होती है, परंतु ये हमेशा किसी न किसी बेचैनी में रहते हैं। ये बदलाव के साथ आसानी से बदल जाने वाले होते हैं। ये किसी भी नये वातावरण में अपने आप को आसानी से ढ़ाल लेने की अद्भुत क्षमता रखते हैं।

ये किसी को आसानी से समझ लेते हैं, तथा उनको या अपने आप को नई परिस्थिति के अनुसार ढ़ाल लेने में माहिर होते हैं।

मिथुन लग्न वाले का झुकाव पढ़ने लिखने तथा पत्राचार एवं पत्रकारिता की ओर रहता है। ये दूसरे को सलाह दे सकते हैं, तथा अच्छे सलाहकार हो सकते हैं। दूसरे को किसी बात के लिए राजी कर सकते हैं, तथा तर्क कर सकते हैं। ये किसी भी विषय-वस्तु के गुण-अवगुण तथा योग्यता अयोग्यता को आसानी से ब्याख्या कर सकते हैं, परंतु इनके नेतृत्व तथा निर्णय लेने की क्षमता अच्छी नहीं होती है। इसका मुख्य कारण यह है कि ये विषय-वस्तु के गुण अवगुण को देखने लगने हैं, तथा दोनों पहलुओं पर विचार करते रहने के कारण ये निर्णय पर पहुँचने में काफी विलम्ब कर देते हैं। निर्णय लेने के अतिरिक्त ये अन्य बातों में काफी शीघ्रता करते हैं।

पौराणिक कथा के अनुसार मिथुन को ईश्वर का दूत कहा जाता है। अत: मिथुन लग्न में जन्म लेने वालों की सलाह काफी लाभदायक हो सकती है।

मिथुन लग्न वाले घूमने के शौकीन होते हैं। ये नये परिवेश में ढ़ल जाने तथा उसे अपना लेने में देर नहीं करते हैं। उनमें पर्याप्त से अधिक सोचने तथा किसी काम को तेजी से करने की अद्भुत समझदारी और क्षमता होती है। ये दूसरों की सहायता करने में सबसे आगे रहते हैं, विशेषकर आपात स्थिति में।

मिथुन लग्न वाले कभी भी मात्र एक कार्य नहीं करते बल्कि हमेशा एक से अधिक कार्यों में लगे रहते हैं, इनकी शैली बहु-कार्यण वाली होती है। उदाहरण के लिए यदि ये एक शिक्षक हैं, तो साथ में ट्यूशन भी करेंगे। चूँकि ये हमेशा एक से अधिक कार्यों में व्यस्त रहने वाले होते हैं, अत: एक कार्य को समाप्त किये बिना ही दूसरे कार्य में लग जाते हैं, इसलिये यदि ये दूसरों के साथ मिलकर कार्य करें तो सफलता की संभावना अधिक होती है। इन्हें हमेशा दूसरों के साथ मिलकर कार्य करना चाहिए।

हालाँकि ये अंदर से संकोची तथा डरपोक किस्म के होते हैं, फिर भी सामने से ये साहसी की तरह कार्य करने की पहल करते हैं। ये किसी भी असफलता कभी भी चिंतित य हताश नहीं होते, बल्कि दोगुने जोश से नया कार्य आरम्भ कर देते हैं। ये परम्परागत चीजों या नियमों को मानने में विश्वास नहीं करते बल्कि हमेशा अपनी नयी राह तथा सोच बनाते हैं। इनका मस्तिष्क तर्कयुक्त तथा विचार स्पष्ट होता है।

मिथुन लग्न की वृत्ति एवं जीविकोपार्जन

मिथुन लग्न में जन्म लेने वालों के लिए सम्पादक, पत्रकार, अधिवक्ता, ब्याख्याता, शिक्षक, लेखापाल, लाइब्रेरियन, सेल्समैन, पोस्ट ऑफिस के पदाधिकारी/ कर्मचारी, दूतावास के पदाधिकारी कर्मचारी, इंजिनियरिंग, सलाहकार, आदि की नौकरी उपयुक्त है। मिथुन लग्न वाले अच्छे नेता हो सकते हैं क्योंकि वे एक अच्छे वक्ता होते हैं। शेयर मार्केट में भी इनकी अच्छी पकड़ हो सकती है। कई सारे प्रसिद्ध तथाअच्छे पत्रकार, अधिवक्ता, लेखक, आदि मिथुन लग्न वाले हैं। मिथुन लग्न को स्वर का प्रतीक भी माना जाना है, इसलिए कई प्रसिद्ध तथा अच्छे गायक, चित्रकार, कलाकार आदि का जन्म मिथुन लग्न में हुआ है। मिथुन लग्न वाले अच्छे गणितज्ञ भी होते हैं।

अधिकांश मिथुन लग्न वाले एक बार में एक से अधिक तरह के कार्य करते रहते हैं। रेलवे तथा अन्य परिवहन में भी कार्य करने वाले अधिकारियों तथा कर्मचारियों में अधिक संख्या में मिथुन लग्न वाले लोग होते हैं।

मिथुन लग्न वाले का पारिवारिक माहौल

मिथुन लग्न में जन्म लेने वाले व्यापारिक भागीदारों, सहकर्मियों, रिश्तेदारों, आदि के साथ हमेशा व्यस्त रहते हैं। वे व्यापारिक या कार्यालय या ऐसे ही घूमने फिरने में भी व्यस्त रहते हैं, फिर भी वे अपने परिवार के सदस्यों के साथ समय बिताने का समय निकाल ही लेते हैं। परिवार के सदस्यों या अन्य सभी से वे अत्यधिक प्यार करते हैं। हालाँकि वे फिजूलखर्ची होते हैं, फिर भी अपने परिवार के सदस्यों की सभी जरूरतों को पूरा करने में किसी प्रकार की कमी नहीं करते हैं। वे घर को अच्छे से सुसज्जित रखना चाहते हैं। यदि वे किराये के मकान में रहते हों, तो मकान मालिक के अवांछित रवैये को बिल्कुल बर्दास्त नहीं कर पाते हैं, तथा तुरत ही नये मकान में जाने से हिचकिचाते नहीं हैं। वे कभी खाली बैठना पसंद नहीं करते, बल्कि अपनी तथा परिवार वालों की सुख-सुविधाओं के लिए हमेशा प्रयासरत रहते हैं।

मिथुन लग्न वाले जातक का प्रेम संबंध, विवाह एवं वैवाहिक जीवन

मिथुन लग्न में जन्म लेने वाले जातक बहुत जल्दी दोस्त बना लेते हैं, परंतु उनका प्रेम संबंध बहुत अच्छा नहीं रह पाता है। वे अपने प्रेमी के गुण अवगुण के विश्लेषण में लग जाते हैं, तथा जल्दी ही प्रेमी से उब जाते हैं तथा दूसरा प्रेमी ढ़ूँढ़ने लगते हैं। वे जीवन में विभिन्न रंगों को देखना पसंद करते हैं।

परंतु मिथुन लग्न वालों का वैवाहिक जीवन सफल रहता है, चूँकि ये बहुत जल्दी अपने आप को परिस्थिति के अनुकूल ढ़ालने में माहिर होते हैं। हालाँकि ये ऐसा जीवन साथी चाहते हैं जो इनकी हाँ में हाँ मिलाये।

मिथुन लग्न में जन्म लेने वाली महिलाओं को नौकरी करने से बचना चाहिए, क्योंकि यह उनके वैवाहिक जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है, और यदि नौकरी करना ही चाहती हों, तो वैवाहिक जीवन को सफल बनाये रखने के लिए बहुत सोच समझ की आवश्यकता होगी।

मिथुन लग्न वालों के लिए मेष, सिंह, तुला, कुम्भ लग्न या राशि वाले जीवन साथी अत्यधिक उपयुक्त होते हैं।

मिथुन लग्न वालों की कमजोरियाँ

मिथुन लग्न में जन्म लेने वाले जातक को एक साथ बहुत सारे कार्यों में हाथ नहीं डालना चाहिए। उन्हें एक कार्य को पूरा करने के बाद ही दूसरे कार्य को शुरू करना चाहिए। इन्हें केवल ख्यालों में नहीं बल्कि वास्तविक परिवेश का भी ध्यान रखना चाहिए। किसी कार्य में जल्दबाजी से बचना चाहिए।

मिथुन लग्न के लिए शुभ दिन

मिथुन लग्न में जन्म लेने वाले जातक के लिए बुधवार, गुरूवार सबसे शुभ होते हैं। सोमवार, मंगलवार, शुक्रवार तथा शनिवार भी इनके लिए शुभ हैं। शनिवार इनके लिये अशुभ है। अत: शनिवार को कोई नया कार्य इन्हें नहीं शुरू करना चाहिए तथा किसी भी प्रकार के वाद-विवाद से दूर रहना चाहिए।

मिथुन लग्न वाले के लिए शुभ रंग

मिथुन लग्न में जन्म लेने वाले जातक के लिए हरा तथा पीला रंग अति शुभ हैं। नीला, ब्लू, तथा लाल रंग अशुभ हैं, अत: इन्हें विशेषकर पोशाक के रूप में नीला तथा लाल रंग के वस्त्रों का उपयोग नहीं करना चाहिए।

मिथुन लग्न वालों का शुभ अंक

मिथुन लग्न में जन्म लेने वाले जातक के लिए तीन, पाँच, बारह, तथा चौदह अंक शुभ होते हैं। इन्हें नये कार्य या महत्वपूर्ण निर्णय आदि तृतीया, पंचमी, द्वादशी, तथा चतुर्दशी जिसमें शनिवार नहीं हो को ही लेने चाहिए, ऐसा करने से सफलता के अवसर अधिक रहेंगे।

मिथुन लग्न वाले के लिए शुभ रत्न

मिथुन लग्न में जन्म लेने वाले जातक के लिए पन्ना तथा पीला पुखराज शुभ रत्न हैं, परंतु इन्हें धारण करने से पहले अच्छे ज्योतिष से सलाह लेने की आवश्यकता होगी।